30 अक्टूबर 2026

अमेराडीह में राखड़ लोड हाइवा अनियंत्रित होकर गरीब के घर में घुसा, मिट्टी का मकान ढहा; कमरे में सो रही बुजुर्ग महिला बाल-बाल बची।


 अमेराडीह में राखड़ लोड हाइवा अनियंत्रित होकर गरीब के घर में घुसा, मिट्टी का मकान ढहा; कमरे में सो रही बुजुर्ग महिला बाल-बाल बची।


दोपहर करीब 1 बजे हुई घटना, हाइवा चालक के सिर में आई चोट; 112 की मदद से अस्पताल भेजा गया। हादसे में गरीब परिवार का मकान क्षतिग्रस्त, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की लगाई गुहार। मालखरौदा पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी।


डॉ. भूपेंद्र लहरे


मालखरौदा/ सक्ती जिले के मालखरौदा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमेराडीह में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां राखड़ (फ्लाई ऐश) से लोड एक हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक गरीब परिवार के मिट्टी के मकान में जा घुसा। हादसा इतना जोरदार था कि मकान का बाहरी हिस्सा पूरी तरह टूटकर ढह गया। गनीमत रही कि घर के अंदर कमरे में सो रही बुजुर्ग महिला इस हादसे में सुरक्षित बच गईं, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अमेराडीह निवासी कृष्णो सिदार के घर में दोपहर करीब 1 बजे राखड़ लोड हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर जा घुसा। उस समय कृष्णो सिदार की मां प्रेमबाई सिदार घर के एक कमरे में सो रही थीं। हाइवा की टक्कर से मकान का बाहरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। वहीं कमरे की दीवार नहीं टूटने और महिला के सुरक्षित रहने से परिवार ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।

नींद आने से हुआ हादसा, चालक के सिर में आई चोट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा चालक को भी इस दुर्घटना में चोट आई है। बताया जा रहा है कि चालक का सिर फट गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 की टीम की सहायता से घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। ग्रामीणों के मुताबिक, जब उन्होंने चालक से दुर्घटना के संबंध में पूछताछ की तो चालक ने नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर घर में घुसने की बात बताई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

खरसिया का बताया जा रहा हाइवा वाहन

ग्रामीणों के अनुसार, राखड़ से लोड दुर्घटनाग्रस्त हाइवा वाहन खरसिया क्षेत्र का बताया जा रहा है। वाहन सड़क से गुजर रहा था, इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ने से वह सीधे कृष्णो सिदार के मकान में जा घुसा। टक्कर के कारण मिट्टी से बना मकान का सामने वाला हिस्सा पूरी तरह टूटकर जमीन पर बिखर गया। मकान की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी जोरदार रही होगी।

गरीब परिवार के सामने खड़ा हुआ आशियाने का संकट, मुआवजे की मांग

इस दुर्घटना में सबसे अधिक नुकसान कृष्णो सिदार के परिवार को उठाना पड़ा है। परिवार का मिट्टी का मकान क्षतिग्रस्त होकर ढह गया, जिससे उनके सामने रहने और सुरक्षित आशियाने की चिंता खड़ी हो गई है। पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए मकान का इस तरह टूट जाना किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवार का घर टूटने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ऐसे में संबंधित वाहन मालिक एवं जिम्मेदार पक्ष द्वारा नुकसान का उचित आकलन कर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाना चाहिए। साथ ही प्रशासन को भी मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि परिवार को दोबारा अपना आशियाना खड़ा करने में सहायता मिल सके।

मालखरौदा पुलिस मौके पर पहुंची, मामले की जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मालखरौदा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच में जुट गई। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त हाइवा वाहन, चालक तथा घटना के कारणों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे में मकान क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित परिवार को हुए नुकसान के संबंध में भी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

अब देखने वाली बात होगी कि इस हादसे में अपना आशियाना गंवाने वाले गरीब परिवार को उचित मुआवजा और प्रशासनिक सहायता कब तक मिल पाती है।


Share This

0 comments: